जनपद बदायूं

त्योहार परंपरागत तरीके से मनाए जाए, कोई भी नई परंपरा ना डाली जाए : डीएम

Up Namaste

बदायूं। आगामी ईद-उल-फितर के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने व विभिन्न पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से ईदगाह शम्सी और ईदगाह शेखूपुर का दौरा किया।

डीएम ने कहा कि सभी त्योहार परंपरागत तरीके से मनाए जाए, कोई भी नई परंपरा ना डाली जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस व प्रशासन पूरी तरह से सजग व सक्रिय है। उन्होंने कहा कि जनपद में सभी त्योहार परस्पर प्रेम व भाईचारे के साथ मनाए जाते रहे हैं। किसी को भी माहौल बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा। कानून व शांति व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है ,इससे किसी को भी खिलवाड़ करने नहीं दिया जा सकता।

डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, किसी भी प्रकार का भड़काऊ पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को त्यौहार के दृष्टिगत धार्मिक स्थलों पर की जाने वाली समस्त व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि त्योहार के दिन वह सभी सजग व सक्रिय रहे। निरंतर भ्रमणशील रहे तथा आमजन से बेहतर समन्वय व संवाद स्थापित करें तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की छोटी से छोटी घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दें ताकि समय रहते उसका निदान कराया जा सके। इस अवसर पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!