जनपद बदायूं

भीषण गर्मी में बिजली की अंधाधुंध कटौती से उबले जिले मे वाशिंदे

Up Namaste

बदायूं। पूरे जनपद में बिजली को लेकर हाहाकार मची हुई है इसके बावजूद भी बिजली महकमे और जनप्रतिनिधि एवं जिले के आलाधिकारी मौन साधे हुए हैं। भीषण गर्मी में बिना बिजली आम आदमी पागल हुआ जा रहा है और बिजली महकमें के अधिकारी एसी का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। जनपद में कहीं ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है, कहीं ट्रांसफार्मर से चोर तेल चोरी कर ले गए तो कहीं अघोषित कटौती ने बिजली महकमे की पोल खोल कर रख दी है।

बदायूं शहर के मोहल्ला चकिया नीम समेत अन्य मोहल्लों में बीते तीन दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। इन मामलों में नवादा बिजली घर से सप्लाई मिलती है लेकिन ट्रांसफार्मर खराब होने के चलते यहां के घर घोर अंधकार में डूब गए हैं यहां तक की उन्हें बिजली न मिलने के कारण पानी भी मिलना मुश्किल हो गया है। बताते हैं कि इन मोहल्लों के वाशिंदों भाषणों ने जब बिजली अधिकारियों को फोन किया तब किसी भी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया इसके बाद अधिकारियों की लापरवाही की शिकायत लखनऊ ऊर्जा मंत्री के कार्यालय को दी गई तब वहां से अधिकारियों से संपर्क कर बिजली व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए गए।

भीषण गर्मी की मार झेल रहे आम आदमी पट्टा और हाथ वाले पंखों से दिन का चैन एवं रात की नींद लेने का प्रयास कर रहे हैं किंतु सूरज दादा के समक्ष सब फेल हो रहे हैं। घरों एवं प्रतिष्ठानों पर लंगे इन्वर्टर हांफते हुए लड़खड़ा कर दम तोड़ रहे हैं। स्कूलों में बच्चे मूर्छा अवस्था को छू रहे हैं बड़े और बुजुर्गों को ब्लड-प्रेशर की दिक्कत होने लगी है। घरों में गृहणियों को भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी बिना बिजली के पसीने से लथपथ होकर उठानी पड़ रही है। यहां बताते चलें कि इस्लामनगर के गांव पतीसा, सहसवान क्षेत्र के गांव सुखर्रा में लगभग एक महीने से बिजली के ट्रांसफार्मर फुंकने पड़े हैं ग्रामीणों की तमाम शिकायतों पर भी आज तक ट्रांसफार्मर नहीं बदले गये हैं।

मजेदार बात तो यह है कि जनपद के खितौरा विद्युत उप केन्द्र से बीती रात अज्ञात चोरों ने मुख्य ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर लिया और महकमे के अधिकारी व कर्मचारी घोड़े बेचकर सोते रहे मुख्य ट्रांसफार्मर से तेल चोरी के बाद सैकड़ों गांवों में अंधेरा कायम हो गया है। जनपद वासियों ने जिलाधिकारी से जनपद में गहराते बिजली संकट को दूर कराने की मांग की है ताकि आम आदमी रात में चैन की नींद सो सके।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!