जनपद बदायूं

सड़क हादसों में एक युवक की गई जान, तीन हुए घायल

Up Namaste

बदायूं। कुंवरगांव थाना क्षेत्र में शनिवार को कुछ ही देर के अंतराल में हुए दो सड़क हादसों ने इलाके में सनसनी फैला दी। पहले हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मौके पर जा रहे दो युवकों की बाइक भी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर कैली गांव ले आए।

कैली गांव निवासी रोहित (22) पुत्र सुरेन्द्र का करीब एक वर्ष पहले ही विवाह हुआ था। शनिवार को वह विनावर से बाइक से अपने घर लौट रहा था। उसके साथ बाइक पर राहुल (20) पुत्र राजाराम भी सवार था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रोहित के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया।

इधर हादसे की खबर मिलते ही भूरे (23) पुत्र राजाराम और गुड्डू (24) पुत्र बादशाह, निवासी कैली, बाइक से घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। लेकिन लोचनपुर गांव के पास आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि भूरे को भी चोटें आईं। परिजन गुड्डू को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
रिपोर्टर गुड्डू रस्तोगी कुंवरगांव

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!