उझानी/ बदायूं। जिले के उझानी थाना क्षेत्र में गुरुवार को मायके आई विवाहिता ने फोन पर बातचीत के दौरान विवाद होने के बाद कोई विषाख्त पदार्थ गटक लिया जिससे उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेने के बाद उसका पीएम कराया है साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
उझानी थाना क्षेत्र के मानकपुर गांव निवासी मेवाराम ने अपनी बेटी स्वाती की शादी करीब 14 महीने पहले बिल्सी थाना क्षेत्र के गुदनी खतौरा गांव निवासी विकास भारती के साथ की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में मिली वस्तुओं से संतुष्ट नहीं था और लगातार गाड़ी तथा नकदी की मांग कर रहा था।मृतका के मायके पक्ष का आरोप है दहेज को लेकर हो रही प्रताड़ना के चलते स्वाती पिछले दो माह से अपने मायके में रह रही थी। परिजनों के अनुसार दो दिन पहले स्वाती की अपने पति से फोन पर कहासुनी हुई जिसके बाद उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे एक निजी चिकित्सक के पास ले गए लेकिन बाद में घर वापस ले आए, जहां उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





