बदायूं। जिले के थाना दातागंज क्षेत्र में गुरुवार को खेत से घर लौट रहे एक किसान के ऊपर रास्ते में एचटी लाइन का तार टूट कर गिरने उसकी करंट से मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके साथ मौजूद किशोरी बुरी तरह झुलस गई जिसे इलाज को जिला अस्पताल भेजा गया है।
दातागंज थाना क्षेत्र के गांव खानपुर दया निवासी युवा किसान सुनील गुरुवार को अपने खेत में लगी मक्का तोड़ कर गांव की किशोरी अपेक्षा पुत्री अजीत के साथ वापस अपने घर लौट रहे थे इसी दौरान रास्ते में ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन का तार अचानक टूट कर सुनील के ऊपर गिर पड़ा जिससे वह तार से चिपक गए और तड़पने लगे। सुनील ने तड़पते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि उनके साथ चल रही किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई।
हादसे पर ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई और उन्होंने किसी तरह बिजली सप्लाई बंद करा कर झुलसी किशोरी को अस्पताल भेजा जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसे पर ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश नजर आ रहा था। युवा किसान की करंट से हुई मौत पर परिजनों में चीत्कार मची हुई है वही पूरे गांव में मातम पसर गया है।






