उझानी

सड़क चौड़ीकरण को खोदी गई पटरी में पलटा प्याज से भरा ट्रक, बाल बाल बचे चालक और परिचालक

Up Namaste

उझानी,(बदायूं)। मध्य प्रदेश के इंदौर से प्याज भर कर उत्तराखंड के रूद्रपुर जा रहा एक ट्रक मंडी समिति के समीप मां संतोषी मंदिर के सामने बीती देर रात सड़क चौड़ीकरण को खोदी गई पटरी में गिर कर पलट गया। अचानक हुए इस हादसे में चालक और परिचालक ने किसी तरह से कूद कर अपनी जान बचाई। इस दौरान बड़ी मात्रा में प्याज को नुकसान पहुंचा है।

शुक्रवार की देर रात बरसात और आंधी के बीच प्याज से भरा एक ट्रक उझानी होकर गुजर रहा था। इस दौरान चालक ने ट्रक को बाइपास से ले जाने के बजाय अंदर से गुजरने का निर्णय लिया। बताते हैं कि ट्रक चालक ने जैसे ही उझानी नगर की ओर ट्रक घुमाया तभी मां संतोषी माता के मंदिर के सामने लोनिवि द्वारा सड़क चौड़ीकरण को खोदी गई पटरियों में बरसात का पानी भरा होने चालक अनुमान न लगा सका और ट्रक का अगला पहिया अचानक गहरी पटरी में चला गया जिससे ट्रक पटरी में पलट गया। ट्रक को पलटते देख चालक और परिचालक ने किसी तरह से कूद कर अपनी जान बचाई। ट्रक चालक राजस्थान के धौलपुर निवासी रामधन ने बताया कि वह इंदौर से प्याज भर कर उत्तराखंड के रूद्रपुर जा रहा लेकिन उझानी में गहरी पटरी में पानी भरा होने के कारण वह समझ नही पाया और ट्रक पलट गया। हादसे में परिचालक रामेश्वर मामूली रूप से चुटैल हुआ है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा पीलीभीत-भरतपुर राजमार्ग के कल्याण चौक से उझानी नगर से अंदर होते हुए मंडी समिति तिराहे तक चौड़ीकरण कराया जा रहा है। बताते हैं कि सड़क चौड़ीकरण के लिए टेण्डर प्राप्त करने वाले ठेकेदार ने कल्याण चौक से लेकर मंडी समिति तिराहा तक दोनों ओर की पटरियां करीब तीन से चार फिट तक खोद कर डाल दी है। पटरियों में मिट्टी और गिट्टी भरवाने के बजाय ठेकेदार पिछले करीब छह माह से काम बंद कर घर पर आराम फरमा रहा है। ठेकेदार द्वारा खुदवाई गई पटरियों की गहराई होने के कारण आए दिन छोटे से लेकर बड़े वाहन तक पटरियों के अंदर गिर रहे हैं। खोदी गई पटरियों के कारण अब तक एक राजमिस्त्री की जान जा चुकी है वही अनेकों वाहन सवार और चालक अब तक गंभीर रूप से घायल हो चुके है।

बताते हैं कि लगातार हो रहे हादसों पर नगर के जागरूक नागरिकों ने लोनिवि के अधिकारियों से पटरियों का निर्माण करने की मांग की थी लेकिन विभागीय अधिकारियों और राजनैतिक स्तर पर ठेकेदार को शह मिल रही है यही कारण है कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य अब तक शुरू न हो सका है। नागरिकों का कहना है कि खोदी गई पटरियों के कारण राहगीरों की जान पर बन आती है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से सड़क निर्माण का कार्य पूरा कराने की मांग जिला प्रशासन से की है।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!