सहसवान,(बदायूं)। थाना पुलिस और गौकशों के बीच मंगलवार की देर रात मुठभेड़ हो गई। गौकश गौवंशीय पशुओं के वध की योजना बना रहे थे कि पुलिस मुखबिर की सूचना पर पहुंच गई जिस पर गौतस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसमें तीन गौकशों के पैरों में गोली लग गई इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पांच गौकशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक सिपाही भी गोली लगने घायल हो गया। पुलिस ने घायल सिपाही और गौकशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
सहसवान पुलिस को सूचना मिली कि टेढ़ाघाट पुल के पास चमरपुरा जंगल में कुछ गौकश गौवंशीय पशुओं को मारने की फिराक में है ताकि गौवंशों का मांस बेंचा जा सके। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बताते हैं कि पुलिस को देखकर गौकशों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी जिस पर पुलिस ने भी जबाबी फायरिंग की जिसमें तीन गौकशों के पैरों में गोली लग गई जिससे वह नीचे गिर गए। मुठभेड़ में एक सिपाही को भी गोली लगी है। बताते है कि जब फायरिंग बंद हुई तब पुलिस ने घेराबंदी कर पांच गौकशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल गौकशों और सिपाही को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस ने मौके से पांच तमंचे, दस कारतूस और कुल्हाड़ी तथा तीन छुरी बरामद की है।




