उझानी(बदायूं)। उझानी ब्लाक में तैनात एक सफाई कर्मी का शव ब्लाक परिसर में नवनिर्मित कमरें मंे लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। ब्लाक कर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसका शव उतार कर पीएम को भेज दिया है। मृतक मंगलवार से लापता बताया जा रहा है। सफाई कर्मी की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया है।
मूल रूप से ब्लाक क्षेत्र के गांव तेहरा का रहने वाले 40 वर्षीय इरशाद पुत्र रियाजुद्दीन ब्लाक में सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। इरशाद अपने परिवार के साथ नगर के मौहल्ला अयोध्यागंज में रहता था। बुधवार की दोपहर ब्लाक परिसर में बन रहे कमरों में से एक कमरें में इरशाद का शव लटकते देख ब्लाक कर्मियों में सनसनी और दहशत फैल गई। ब्लाक कर्मियों उसका शव फंदे पर लटकने की सूचना परिजनों को दी तब परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने इरशाद की मौत की सूचना पुलिस को दी जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को नीचे उतारा और पंचनामा भर कर पीएम को जिला मुख्यालय भेज दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि इरशाद मंगलवार को घर से निकला मगर वह वापस घर न पहुंच सका जिस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी इस बीच बुधवार को उसकी फंदे पर लटकने से मौत की सूचना पर परिजनों में हड़कम्प मच गया। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मृतक ब्लाक सफाई कर्मी था और डिप्रेशन में था जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठा कर अपना जीवन समाप्त कर लिया।




