उझानी(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव बरायमयखेड़ा के समीप बदायूं-बिल्सी मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां अपनी बहन को छोड़ने जा रहे एक युवक की बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई जिसके परिणाम स्वरूप बाइक सवार भाई-बहन के साथ नीलगाय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे पर परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के हवाले कर दिया है।
मूल रूप से उघैती थाना क्षेत्र के गांव उईया निवासी 40 वर्षीय चंद्रभान बदायूं में लालपुल इलाके में किराए पर रहता था। बीते दिनों उसकी बहन रेखा उसके साथ रहने आई थी। शुक्रवार की दोपहर लगभग ढाई बजे चंद्रभान अपनी बहन रेखा को छोड़ने अपने घर गांव उईया जा रहा था। बताते हैं कि उझानी क्षेत्र में बदायूं-बिल्सी मार्ग पर गांव बरायमयखेड़ा के समीप अचानक सड़क पर आई नील गाय से उसकी बाइक टकरा गई। बताते हैं कि बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चंद्रभान बाइक को नियंत्रित नही कर सका। इस हादसे में चंद्रभान और रेखा की मौके पर ही मौत हो गई साथ ही नीलगाय भी मौत का शिकार बन गई।
बताते हैं कि हादसे पर जुटे नागरिकों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेखा को जीवित जान कर उसे जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लगभग एक घंटे बाद मृतक की शिनाख्त किसी तरह करा कर उसके परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने बदायूं में रह रही उसकी पत्नी रानी को भी सूचना दी। भाई बहन की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया और वह विलाप करते हुए जिला अस्पताल पहुंच गए। मृतक चंद्रभान की पत्नी रानी सदर कोतवाली में पुलिस कर्मियों के लिए संविदा पर खाना बनाने का कार्य करती है। इससे पूर्व इंस्पेक्टर रहे राजीव तोमर के लिए चंद्रभान भी निजी तौर पर खाना आदि बनाता था। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतक की पत्नी रानी गर्भवती बताई जा रही है।




