उझानी,(बदायूं)। ब्लाक क्षेत्र के गांव ननाखेड़ा और चौसिंग सम्पर्क मार्ग ग्राम प्रधान, लोनिवि के अधिकारियों की अनदेखी के चलते जर्जर होकर उबड़-खाबड़ हो गया है। इस सम्पर्क मार्ग पर पानी के निकास की व्यवस्था न होने के कारण गंदे पानी का भराव हो रहा है जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोनों गांव के सफाई कर्मी भी गंदे पानी का निकास नही बना रहे हैं जिससे जमा गंदे पानी से संक्रामक रोगों के फैलने की संभावना बढ़ गई है।
ननाखेड़ा-चौसिंगा सम्पर्क मार्ग पर ग्राम प्रधान और अधिकारियों की लाहपरवाही से बने गड्ढें अब ग्रामीणों को मुसीबत का सबब बनने लगे हैं। ग्रामीणों की माने तो पिछले काफी समय से उक्त सम्पर्क मार्ग बदहाल है साथ ही सम्पर्क मार्ग के दोंनो ओर बने नाले चोक हो जाने से गंदा पानी सम्पर्क मार्ग पर भरने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों हो रही बरसात का पानी भी सम्पर्क मार्ग पर भर गया है। सम्पर्क मार्ग पर पानी भर जाने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गंदे पानी से होकर गुजरने वाले वाहनों से पानी के छींटे ग्रामीणों के कपड़े खराब कर रहे है वही ग्रामीण इस मार्ग पर पैदल नही निकल पा रहे है। इस सम्पर्क मार्ग की बदहाली पर कांग्रेस नेता सत्यवीर सिंह यादव का कहना है कि इस सम्पर्क मार्ग से सैकड़ों गांवों के लोग आवागमन करते है लेकिन गंदे पानी का भराव होने से ग्रामीण बेहद परेशान है। कांग्रेस नेता का कहना है कि सम्पर्क मार्ग की पटरियों पर कई ग्रामीणों ने कब्जा कर रखा है और गोबर आदि डाल दिया है जो सड़ाध मारता है जिससे ग्रामीण आवागमन के दौरान परेशान रहते है। उनका कहना है कि गंदगी और गंदे पानी से संक्रामक रोग ग्रामीण इलाकों में फैल सकते हैं। कांग्रेस नेता और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल सम्पर्क मार्ग को सही करा कर आवागमन के लायक बनाने की पुरजोर मांग की है।






