जनपद बदायूं

गांधी व शास्त्र जयंती पर राम धुन से सराबोर हुआ कलेक्ट्रेट, डीएम ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

Up Namaste

बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट में राष्ट्रध्वज फहराया। वहीं कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में गांधी जी व शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि गांधी जी कहते थे कि मेरा जीवन ही मेरा संदेश है और शास्त्री जी कहते थे कि जिसके जीवन में सत्य, निष्ठा व नैतिकता नहीं है वह जीवन जीने लायक नहीं है। इस अवसर पर राष्ट्रगान भी हुआ।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 156वीं जयंती व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की 121वीं जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने गांधी जी व शास्त्री जी की जयंती तथा विजयदशमी पर्व की जनपदवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म की विजय का पर्व है। सत्य से बड़ा कोई धर्म नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्य के पथ पर चलना जीवन का लक्ष्य होना चाहिए। हम सबको गांधी जी व शास्त्री जी के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। शास्त्री जी ने देश को जय जवान जय किसान का नारा दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि इन दोनों महान पुरुषों के जीवन से हम सबको प्रेरणा लेनी चाहिए। देश के नवनिर्माण में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करना चाहिए। अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!