हादसे की सूचना पर परिजन हुए बेसुध, बच्चों की मौत पर गांव में पसरा मातम
सहसवान,(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें स्कूल जा रहे तीन साइकिल सवार बच्चों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया जिससे सगे भाई बहन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल छात्रा को उपपचार के लिए हायर सेंटर रैफर किया गया है। हादसे की सूचना जब परिजनों को मिली तो वह बेसुध हो गए वही पूरा गांव शोक में डूब गया। पुलिस ने बच्चों के शवों का पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव फिरोजाबाद नरौटा मजरा कांकसी निवासीह प्रेमपाल की 12 वर्षीय बेटी अंशु अपने सगे भाई 11 वर्षीय अंकित और गांव निवासी महीपाल की बेटी 12 वर्षीय खुशबू के साथ साइकिल से समीप के गांव नगला चोई स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जा रहे थे। बताते हैं कि तीनों स्कूली बच्चें सुबह लगभग आठ बजे के करीब सिलहरी गांव के समीप पहुंचे ही थी इसी दौरान अचानक वहां से गुजर रहे तेज गति के अज्ञात वाहन ने बच्चों की साइकिलों को पीछे से टक्कर मारते हुए रौंद दिया जिसमें अंशु और उसके भाई अंकित की मौके पर ही मौत हो गई जबकि खुशबू गंभीर रूप से लहूलुहान होकर नीचे गिर कर तड़पने लगी। हादसे को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से मय वाहन के फरार हो गया।
बताते हैं कि हादसे पर जुटे ग्रामीणों ने बच्चों की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी साथ ही सरकारी एम्बुलेंस बुला कर बच्चों को सीएचसी सहसवान भेजा जहां डाक्टर ने अंशु और अंकित को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल छात्रा खुशबू की नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रैफर कर दिया। हादसे की सूचना जब परिजनों को मिली तो सभी बेसुध हो गए और रोते बिलखते सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर बच्चों के शवों को अपने कब्जें में लेने के बाद उनका पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को हवाले कर दिए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण नर नारियों की आंखे नम हो गई। पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी है।




